पत्तेदार सब्जियां बढ़ाएं आंखों की रोशनी
इन दिनों आंखों की रोशनी की समस्या आम होती जा रही है। इसके कई कारण हैं, जिनमें एक खानपान में लापरवाही भी है। अपने खानपान में कुछ चीजों को शामिल कर आप अपनी आंखों की रोशनी को बेहतर कर सकते हैं। आंखों का पोषण बढ़ाने के लिए कौन-से हेल्दी फूड खाएं, बता रही हैं, अपोलो की डाइटीशियन कनिका नारंग
सूचना क्रांति के दौर में लोग काफी जागरूक हो गए हैं, काम से लेकर अपनी सेहत तक के लिए। अब आंखों को ही लीजिए, लोग अपनी आंखों की सेहत बनाए रखने के लिए आंखों का व्यायाम करते हैं। कभी आंखों की पुतलियां घुमा कर तो कभी आंखों में छींटें मार कर। ये सब तरीके फायदेमंद तो हैं, पर आंखों को अंदरुनी पोषण भी चाहिए। इसके लिए जरूरी है सही खानपान।
हरी पत्तेदार सब्जियां
हरी पत्तेदार सब्जियों में ब्रोकली, पालक, साग या मेथी तो आंखों की रोशनी बढ़ाने के लिए ही जाने जाते हैं। इनमें विटामिन ए, विटामिन बी 12, विटामिन सी के अलावा कैल्शियम भी मौजूद होता है, जो आंखों की रोशनी बढ़ाते हैं। विटामिन ए से नाइट ब्लाइंडनेस दूर होती है। पोषण बरकरार रखने के लिए सब्जियों को ज्यादा न पकाएं।
नट्स
कई बार तनाव या कंप्यूटर पर बहुत देर तक काम करने से आंखें ड्राई होने लगती हैं। इस समस्या से बचने के लिए 4 से 5 बादाम ले सकते हैं या 20 से 30 ग्राम नट्स मिला कर खा सकते हैं।
मछलियां
इसमें ओमेगा 3 फैटी एसिड्स होते हैं, जो मोतियाबिंद में फायदेमंद हैं। ओमेगा 3 दिमाग की क्षमता भी बढ़ाता है, जिससे अप्रत्यक्ष रूप से आंखों की रोशनी बढ़ती है। लहसुन भी मोतियाबिंद और आंखों से जुड़ी बीमारियों से हमें निजात दिलाता है।
विटामिन सी
आंवला, संतरे, मौसम के हिसाब से खाएं तो ज्यादा बेहतर होता है। दिन में एक संतरा खाना बेहतर है।